खरसावां गोलीकांड की 78वीं शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खरसावां। खरसावां गोलीकांड की 78वीं शहादत दिवस के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां स्थित शहीद पार्क में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शहीद स्मारक (शहीद बेदी) तथा वीर शहीद केरसे मुंडा चौक स्थित शहीद स्मृति-चिह्न पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री श्री दीपक बिरुवा, सांसद श्रीमती जोबा मांझी, विधायक श्री दशरथ गगराई, विधायक श्री सुखराम उरांव, विधायक श्रीमती सविता महतो, विधायक श्री जगत मांझी एवं पूर्व विधायक श्री लक्ष्मण टुडू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर खरसावां गोलीकांड के अमर वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड आंदोलन के शहीदों को याद करते हुए कहा कि खरसावां के वीरों का बलिदान झारखंड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद पार्क में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा बाद में प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए शहीदों के बलिदान, आदिवासी अस्मिता और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

