गम्हरिया स्थित क्रॉस लिमिटेड कंपनी परिसर में हुआ खून खराबा, मामूली विवाद ने ली मजदूर की जान, आरोपी सहकर्मी हिरासत में
कंपनी के लचर विधि व्यवस्था एवं मजदूरों की सुरक्षा को ले कर उठे कई सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता – अमन ओझा
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उषा मोड़ स्थित क्रॉस लिमिटेड कंपनी के प्लॉट संख्या-5 में बुधवार देर रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। कार्यस्थल पर दो मजदूरों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही जान चली गई। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है, जब कंपनी परिसर में रोज की तरह उत्पादन कार्य चल रहा था। जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर की पहचान दिनेश मुंडा के रूप में हुई है, जो उसी दिन शाम करीब 6 बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। ड्यूटी के दौरान किसी निजी बात को लेकर उसका सहकर्मी मुन्ना प्रधान से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मुन्ना प्रधान ने पास में रखे लोहे के भारी उपकरण से दिनेश मुंडा के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि दिनेश लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और अचेत हो गया। घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जांच में मजदूरों के बीच आपसी कहासुनी से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी मजदूर मुन्ना प्रधान को तत्काल हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से प्लांट में कार्यरत अन्य कर्मचारियों के बीच दहशत और आक्रोश का माहौल है। मजदूरों का कहना है कि यह घटना कंपनी में लचर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की गंभीर कमी को उजागर करती है, जिस पर प्रबंधन को तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

