बोले अवधेश राय: भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ जारी रहेगी भाकपा की लड़ाई
राष्ट्र संवाद संवाददाता पूजा सिंह
11 सूत्री मांगों के समर्थन में भाकपा अंचल परिषद ने साहेबपुरकमाल प्रखंड मुख्यालय पर दिया धरना
साहेबपुरकमाल: बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की साहेबपुरकमाल अंचल परिषद के द्वारा प्रखंड मुख्यालय परिसर में क्षेत्र की जनता की ज्वलंत समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रर्दशन का आयोजन किया गया। धरना की अध्यक्षता गोपाल पोद्दार के द्वारा किया गया। इस दौरान भाकपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन भी किया। धरना को संबोधित करते भाकपा बेगूसराय के जिला सचिव सह बछवाड़ा के पूर्व विधायक अवधेश राय ने कहा कि हमारी पार्टी की स्थापना के शताब्दी वर्ष में हम इस मंच से मजदूर और आम आदमी के हक हकूक की लड़ाई को वर्ष 2026 में भी बुलंद करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का हर कार्यालय भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा हुआ है। हमारी वर्तमान व्यवस्था से लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। अंचल प्रभारी प्रताप नारायण सिंह ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो आदमी अपनी बीवी को छोड़ दिया हो, वह आज जी राम जी योजना लेकर आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मूल संविधान को बदल कर मनुस्मृति लागू करना चाहते हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाकपा साहेबपुरकमाल के अंचल सचिव मनोज कुमार ने कहा कि मजदूरों को 500 रु० प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी दिया जाए, मजदूर की मौत पर तत्काल पांच लाख रु० की सहायता राशि दिया जाए और प्रत्येक मजदूरों को दस लाख रु० की बीमा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा की जाए। साथ ही मजदूरों को मौसम के हिसाब से चप्पल, जूते और कपड़े की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाए। उन्होंने सरकार से मांग किया कि पंचायत के स्वच्छताकर्मी के मानदेय का अविलंब भुगतान किया जाए, मौसम के हिसाब से ड्रेस और दस लाख की बीमा सरकार द्वारा कराई जाए, जीविका दीदियों की मांगों को भी गंभीरता से स्वीकार किया जाए, सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने से पहले सभी भूमिहीनों को जमीन के साथ सरकारी भवन मुहैया कराया जाए और तब तक अतिक्रमण मुक्त की कार्रवाई स्थगित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाया जाए, जर्जर तार और पोल को बदलने की व्यवस्था की जाए, अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाए और दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए। साथ ही
आंगनवाडी सेविका और सहायिका का मानदेय भी बढ़ाया जाए। इसके अलावा भी उन्होंने जनहित से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया। कार्यक्रम के अंत में भाकपा के प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ रवि सिन्हा को मांग पत्र सौंपा। मौके पर भाकपा की राष्ट्रीय परिषद सदस्य ललिता कुमारी, रामकुमार सिंह, राजेश कुमार सुमन, अनवर आलम, मोहम्मद नौशाद, रतन कुमार पासवान, भवेश कुमार, गणेश चौधरी, गोपाल पटेल, केदार महतो, रामप्रवेश महतो, टूना देवी, सुमित झा, सेतु महतो, डोमन सदा, राम प्रकाश दास, रामप्रकाश शर्मा, गुलाम बक्शी पर्यवेक्षक प्रभाकर कुमार, गुंजन कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

