मतदाता सूची मैपिंग प्रक्रिया की समीक्षा बैठक, शहरी क्षेत्रों में समन्वय बढ़ाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया को अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के शहरी इलाकों में मतदाता सूची मैपिंग में सुधार के लिए बेहतर आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्री-एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से जुड़े सभी कर्मी अगले एक सप्ताह तक फोकस होकर कार्य करें। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों को रणनीतिक फील्ड विजिट, डाटा अपडेट और नियमित समीक्षा पर बल दिया गया। कम मैपिंग वाले क्षेत्रों में पब्लिक आउटरीच प्रोग्राम के माध्यम से सीधे मतदाताओं से जुड़ने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुपस्थित मतदाताओं, ब्लैक एंड व्हाइट अथवा अस्पष्ट फोटो वाले नामों की पहचान कर अद्यतन करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सटीक मैपिंग ही गहन पुनरीक्षण की सुगमता का एकमात्र विकल्प है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व एवं 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्वाचकों से अपील की कि वे SIR 2003 में अपना नाम खोजकर संबंधित बीएलओ को विवरण उपलब्ध कराएं। इसके लिए https://voters.eci.gov.in एवं https://ceo.jharkhand.gov.in वेबसाइट तथा टोल फ्री नंबर 1950, 7992311534, 7004922797 की सहायता लेने को कहा गया। 04 जनवरी 2026 तक विवरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी ऑफलाइन व वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

