नए साल 2026 के जश्न से पहले जमशेदपुर पुलिस हाई अलर्ट पर, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पैदल मार्च कर परखी सुरक्षा, हुड़दंगियों को दी कड़ी चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नए साल 2026 के पहले दिन उमड़ने वाली भारी भीड़ और बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने शहर के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थल जुबली पार्क और उसके आसपास के इलाकों में पैदल गश्त कर पुलिस की तैयारियों को बारीकी से परखा। सिटी एसपी के नेतृत्व में यह पैदल मार्च बागे जमशेद गोलचक्कर से शुरू हुआ, जो जुबली पार्क के गेट नंबर तीन होते हुए पार्क के अंदरूनी हिस्सों तक गया। इस गश्त का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी संभावित कमी को चिन्हित करना, मौके पर मौजूद पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देना और आम जनता के बीच पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का भरोसा कायम करना था। इस दौरान उनके साथ डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। गश्त के क्रम में सिटी एसपी ने न सिर्फ सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की, बल्कि पार्क में घूमने आए आम नागरिकों और परिवारों से सीधे संवाद कर उनसे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। लोगों से बातचीत कर उन्होंने जाना कि कहीं किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। निरीक्षण के बाद सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नए साल के अवसर पर जुबली पार्क में लाखों की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पार्क के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो। पैदल गश्त के साथ-साथ पीसीआर वाहन और मोटरसाइकिल दस्ते को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया से बातचीत में सिटी एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता शहरवासियों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल देना है और जश्न के नाम पर किसी भी तरह की छेड़खानी, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

