राष्ट्रपति के प्रस्तावित जमशेदपुर–आदित्यपुर दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क, सचिव व जोनल आईजी ने की तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर एवं आदित्यपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड सरकार के सचिव (वाणिज्य कर विभाग) श्री अमिताभ कौशल एवं जोनल आईजी श्री मनोज कौशिक ने परिसदन, जमशेदपुर में जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम श्री कर्ण सत्यार्थी, उपायुक्त सरायकेला-खरसावां श्री नितीश सिंह, एसएसपी पूर्वी सिंहभूम श्री पीयूष पांडेय, एसपी सरायकेला-खरसावां श्री मुकेश लुणायत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग की मैपिंग, यातायात प्रबंधन, मार्ग से निर्माण सामग्री हटाने, आवश्यक बेरिकेटिंग, दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, रिहर्सल, नो-फ्लाई जोन घोषित करने तथा प्रोटोकॉल अनुपालन पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत सचिव एवं जोनल आईजी ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर एवं एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण एसपी श्री ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, डीडीसी श्री नागेन्द्र पासवान, एडीसी श्री भगीरथ प्रसाद, नगर आयुक्त आदित्यपुर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी सहित पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिले के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

