अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, हाइवा समेत कई वाहन जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम द्वारा अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 दिसंबर की मध्य रात्रि बिना वैध चालान पत्थर चिप्स का परिवहन कर रहे हाइवा (संख्या JH09AT 9118) को जब्त कर घाटशिला थाना को सौंपा गया है, जहां प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा 19 दिसंबर को बिरसा नगर स्थित स्वर्णरेखा बालू घाट से अवैध बालू परिवहन करते वाहन (संख्या JH05DT 8284) को जब्त कर बिरसा नगर थाना को सुपुर्द किया गया। छापेमारी के दौरान स्वर्णरेखा बालू घाट पर अवैध बालू उठाव में प्रयुक्त चचड़ी व अन्य संरचनाओं को भी ध्वस्त किया गया।
वहीं, 16 दिसंबर को बहरागोड़ा अंचल में करीब 15,000 घन फीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

