संसद भवन में पीएम मोदी से मिलीं प्रियंका गांधी, चाय पर सत्ता-विपक्ष की अनौपचारिक मुलाकात
बिशन सिंह पापोला
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संसद भवन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों से मुलाकात की। इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी खास चर्चा का विषय रही। बैठक में समाजवादी पार्टी और डीएमके के सांसद भी शामिल हुए। माना जा रहा है कि यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गांधी परिवार का कोई नेता एक साथ अनौपचारिक माहौल में चाय पर बातचीत करते नजर आया।
यह मुलाकात लोकसभा अध्यक्ष की ओर से बुलाई गई थी, जो संसद की एक पुरानी परंपरा का हिस्सा है। आमतौर पर लोकसभा की कार्यवाही के बाद ऐसी बैठक आयोजित की जाती है, लेकिन पूर्व में कांग्रेस की ओर से इसका बहिष्कार भी किया जाता रहा है। इस बार प्रियंका गांधी ने परंपरा का पालन करते हुए बैठक में शिरकत की और प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करते हुए सहज और मुस्कुराते हुए नजर आईं।
उल्लेखनीय है कि प्रियंका गांधी शीतकालीन सत्र के दौरान संसद में काफी सक्रिय रहीं। सदन के भीतर और बाहर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों में उनकी भूमिका प्रमुख रही। हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ उनकी मुलाकात और आपसी सौहार्दपूर्ण बातचीत की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को सत्ता और विपक्ष के बीच संवाद के सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

