राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आगामी 29 तारीख को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां जिलों के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी के साथ वरीय पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत प्रारंभिक सुरक्षा आकलन किया गया है। आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

