चाईबासा : गोइलकेरा में सर कटा शव मिलने से सनसनी, 65 वर्षीय वृद्ध की निर्मम हत्या
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोतरोगढ़ा गांव से बुधवार को एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। गांव के समीप एक व्यक्ति का सर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोइलकेरा के सारुड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय हरिनाथ लुगुन उर्फ मंगरा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि हत्या बेहद निर्ममता और योजनाबद्ध तरीके से की गई है। हत्यारों ने मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया और सिर को किसी अन्य स्थान पर फेंक दिया, जबकि धड़ को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसे देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना की पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। प्रारंभिक तौर पर मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने और जांच शुरू होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

