समर्पित शिक्षकों की मेहनत से उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मोहली टोला बड़ा घोलजोड़ में अच्छी-खासी छात्रों की उपस्थिति
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मोहली टोला बड़ा घोलजोड़ आज शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया है। विद्यालय में बच्चों की अच्छी-खासी उपस्थिति देखने को मिल रही है। यह बदलाव विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक भीम सेन मंडल तथा उनके सहयोगी शिक्षक के निरंतर प्रयास और समर्पण का परिणाम है।
प्रधानाध्यापक श्री मंडल ने शिक्षा को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर उसे बच्चों और अभिभावकों से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने नियमित रूप से अभिभावकों से संवाद स्थापित किया और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और सकारात्मक माहौल पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे बच्चे स्वयं विद्यालय आने के लिए उत्साहित होने लगे।
सहयोगी शिक्षक भी पूरी निष्ठा के साथ शिक्षण कार्य में लगे हुए हैं। रोचक पढ़ाई, खेल-कूद, समय पर मध्याह्न भोजन तथा बच्चों की व्यक्तिगत समस्याओं पर ध्यान देने से छात्रों का विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ा है। इसका सीधा असर बच्चों की उपस्थिति और सीखने की गुणवत्ता पर पड़ा है।
उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय मोहली टोला बड़ा घोलजोड़ की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि जब शिक्षक ईमानदारी, लगन और टीमवर्क के साथ काम करते हैं, तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी शिक्षा में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

