डिमना लेक में खिले कमल बने आकर्षण, किसानों की आय का साधन और पर्यटकों की पसंदीदा सेल्फी स्पॉट
उमा शंकर दुबे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :जमशेदपुर से सटे डिमना लेक में इन दिनों खिले कमल के फूल सुबह के समय मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। सूरज की पहली किरणों के साथ जब कमल खिलते हैं तो पूरा इलाका प्राकृतिक सौंदर्य से भर उठता है। यह नज़ारा राहगीरों और प्रकृति प्रेमियों को खासा आकर्षित कर रहा है।
स्थानीय किसानों द्वारा डिमना लेक में कमल की खेती की जाती है। ये किसान सुबह-सुबह कमल तोड़कर उन्हें स्थानीय बाजारों में बेचते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिलता है। कमल की बढ़ती मांग किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी साबित हो रही है।

ठंड के मौसम में डिमना लेक के रास्ते से गुजरने वाले पर्यटक खिले कमलों के बीच रुककर अपने मोबाइल कैमरे में इस खूबसूरत दृश्य को कैद करते हैं। कई लोग यहां सेल्फी लेना भी नहीं भूलते। इस तरह डिमना लेक के कमल न केवल किसानों की आजीविका का साधन बन रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के लिए एक प्राकृतिक पर्यटन आकर्षण के रूप में भी उभर रहे हैं।
*तस्वीर उमाशंकर दुबे की*

