विश्व दिव्यांगता दिवस पर समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बने मुख्य अतिथि, दिव्यांगजनों को ई-ट्राईसाइकिल एवं प्रशस्ति पत्र वितरित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम एवं जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा मंगलवार को समाहरणालय सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित अनेक अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम — “Fostering disability inclusive Societies for advancing Social Progress” — के अनुरूप किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजन प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं व स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रही, जहाँ दिव्यांगजनों के अधिकार, अवसर, सम्मान एवं समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई।
समारोह में मंत्री डॉ. अंसारी ने 10 दिव्यांगजनों को ई-ट्राईसाइकिल प्रदान की तथा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंत्री ने कहा कि समाज तभी पूर्ण रूप से प्रगतिशील माना जाएगा जब दिव्यांगजनों को समान अवसर, समावेशी वातावरण और सम्मानजनक जीवन मिले। सरकार इसी दिशा में कल्याणकारी योजनाओं को तेज़ी से लागू कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा प्रकोष्ठ की ओर से प्रेजेंटेशन के माध्यम से दिव्यांगता के प्रकार, उपलब्ध सहायता प्रावधानों तथा आधुनिक तकनीकी सहयोग से जुड़ी जानकारियाँ भी साझा की गईं।

