पूर्वी सिंहभूम में पहला साहित्य उत्सव जनवरी 2026 में, गोपाल मैदान में होगा तीन दिवसीय आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जिला प्रशासन जनवरी 2026 में प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव आयोजित करने जा रहा है। 9, 10 और 11 जनवरी को गोपाल मैदान में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि यह उत्सव जिले के सांस्कृतिक और बौद्धिक माहौल को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों के साहित्यप्रेमियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम का लाभ पूरे जिले तक पहुंचे।
बैठक में स्टॉल व्यवस्थापन, साहित्यकारों की भागीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पुस्तक प्रदर्शनी और अतिथि समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी पूर्ण करने और विभिन्न समितियों के जरिए समन्वित कार्य करने के निर्देश दिए।
साहित्य उत्सव का उद्देश्य साहित्यकारों, कलाकारों, पाठकों और युवाओं के लिए एक साझा मंच तैयार करना है, जिससे जिले में साहित्यिक अभिरुचि और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिल सके।

