अन्ना चौक पर फिर हादसा, तेज रफ्तार कार की चपेट में आए दो युवक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक पर रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बस स्टैंड के पास हुआ, जहां सन्नी और गुल्लू स्कूटी के साथ बैठे थे। इसी दौरान गोविंदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दोनों को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सन्नी के बाएं पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि गुल्लू के पैर में सरिया घुस गया है।
कुछ दिन पहले बच्ची की हुई थी मौत
अन्ना चौक पर लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। इससे पहले 8 अगस्त को तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें सात वर्षीय आरोही कुमारी की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हुए थे।
स्थानीय लोगों ने अन्ना चौक पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था मजबूत करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

