गंगा का जलस्तर बढ़ा, बलिया दियारा के निचले इलाकों में फैला बाढ़ का पानी
सैकड़ों एकड़ खरीफ फसल डूबी, स्कूल परिसर और मुख्य सड़कों पर भी पानी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बेगूसराय। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से बलिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पिछले दो दिनों में निचले इलाकों में तेजी से पानी फैलने से सैकड़ों एकड़ में लगी खरीफ फसल डूब गई है।
ताजपुर पंचायत के शादीपुर गांव स्थित मध्य विद्यालय के परिसर में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। विद्यार्थियों और शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने के लिए दो से तीन फीट पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वहीं ताजपुर-साहपुर पथ पर गोखलेनगर विष्णुपुर गांव के दक्षिण मुख्य सड़क पर करीब दो फीट पानी जमा हो गया है। इससे गोखलेनगर विष्णुपुर, ताजपुर, भवानंदपुर समेत कई गांवों के लोगों के आवागमन में परेशानी हो रही है।
भवानंदपुर, ताजपुर, परमानंदपुर और पहाड़पुर पंचायत पूरी तरह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में हैं, जबकि भगतपुर के तीन और फतेहपुर के एक वार्ड में भी बाढ़ का असर है। इन क्षेत्रों की करीब 80 हजार आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो अगले एक-दो दिनों में पानी कई गांवों में प्रवेश कर सकता है और प्रमुख सड़कों पर भी आवागमन बाधित हो सकता है।

