डिमना की बुनियादी समस्याओं को लेकर हिल व्यू कॉलोनी विकास समिति का धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति के बैनर तले बस्ती की विभिन्न बुनियादी समस्याओं को लेकर रविवार को मानगो अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। सौरभ विष्णु के नेतृत्व में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। समिति के सदस्यों ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से संबंधित विभागों को जानकारी दी जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस्ती के कई हिस्सों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होती, कई सड़कें जर्जर हैं और बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। इसके कारण लोगों को रोजमर्रा के जीवन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सौरभ विष्णु ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समिति बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी। धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

