पश्चिमी सिंहभूम में जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को 4G ई-पॉश मशीनों का वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा जिला परिषद सभागार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग के मंत्री श्री दीपक बिरुवा के कर-कमलों द्वारा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के 50, चाईबासा प्रखंड क्षेत्र के 57 तथा खुंटपानी प्रखंड क्षेत्र के 61 जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के बीच 4G ई-पॉश मशीनों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, रांची द्वारा एनएफएसए एवं जेएसएफएसएस के तहत खाद्यान्न और अन्य सामग्रियों के वितरण को अधिक पारदर्शी एवं तेज बनाने हेतु बहुप्रतीक्षित 4G ई-पॉश मशीनों की खरीद की गई है। इन मशीनों की पहली खेप पश्चिमी सिंहभूम जिले को उपलब्ध कराई गई है।
राज्य स्तर पर टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से चयनित विजनटेक कंपनी की 10 सदस्यीय टीम कुल 1230 ई-पॉश मशीनों के साथ 26 नवंबर 2025 से 3 दिसंबर 2025 तक जिले के आठ प्रखंडों में प्रशिक्षण एवं वितरण कार्य कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि 4G ई-पॉश मशीनों के उपयोग से खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में लगने वाला समय कम होगा और समग्र वितरण कार्य अधिक प्रभावी एवं त्वरित हो सकेगा।
इस अवसर पर सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी श्री संदीप अनुराग टोपनो, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रीमती सुनीला खलखो सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

