साकची व सोनारी में JNAC का अतिक्रमण विरोधी अभियान; 4 भवनों का निर्माण रोका, सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर ₹6000 जुर्माना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की प्रवर्तन टीम ने आज साकची और सोनारी क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया तथा व्यवसायियों को निर्धारित नियमों के तहत ही गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया गया।

सोनारी में भवन निर्माण मानकों तथा स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन पाए जाने पर चार निर्माणाधीन भवनों के कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी करते हुए मानचित्र के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, अभियान के दौरान विभिन्न दुकानदारों द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर पर्यावरण नियमों के तहत कुल ₹6000 का जुर्माना वसूला गया। दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
JNAC ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण, भवन उपविधि उल्लंघन तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

