जामताड़ा में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत शिविरों में बढ़ी लोगों की भागीदारी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम 2011 को प्राथमिकता देते हुए जिले में 21 से 28 नवंबर तक “सेवा का अधिकार सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 नवंबर को जामताड़ा जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देश पर जामताड़ा सदर के सिउलीबारी, चालना, रानीडीह पंचायत भवन, फतेहपुर प्रखंड के चापुड़िया व बिंदापाथर, नाला प्रखंड के नाला, दलाबड़, कुलडंगाल, कुंडहित प्रखंड के बाबूपुर, कुंडहित, नगरी, करमाटांड़ के तरकोजोरी व कुरुवा तथा नारायणपुर प्रखंड के शहरपुर, टोपाटांड़ और डाभाकेंद्र पंचायत भवन में शिविर आयोजित हुए। यहाँ झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम में सूचीबद्ध सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए गए और कई मामलों का समाधान वहीं पर कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सप्ताह भर जिले के सभी पंचायतों और नगर निकायों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहाँ जनता की समस्याओं का त्वरित निपटारा किया जाएगा। आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी की जा रही है। वरीय अधिकारियों द्वारा सभी शिविरों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

