जीजा – साले में जमकर हुई मारपीट जीजा देवराज महतो गम्भीर रूप से घायल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।औद्योगिक क्षेत्र स्थित महिंद्रा अल्फा मोटर्स शो रूम में मंगलवार की दोपहर में जीजा और साले की जमकर हुई मारपीट में जीजा देवराज महतो गम्भीर रूप से घायल हो गए। गंभीरावस्था में उन्हें आदित्यपुर पुलिस द्वारा इलाज के लिए गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा गम्हरिया निवासी देवराज महतो अपनी महिंद्रा कार की सर्विसिंग कराने अल्फा शो रूम पहुंचे थे। इसी दौरान उनके रिश्ता में साला लगने वाले श्रीडूंगरी निवासी महादेव महतो वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के देवराज पर टूट पड़े। अचानक हुए इस हमले में देवराज महतो के सर में गंभीर चोटें लगी और वे लहूलुहान हो गए। इस मारपीट के बाद शो रूम में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों ने बीच बचाव करने की कोशिश की, लेकिन महादेव महतो इतने उग्र थे कि उन्होंने कर्मचारियों और देवराज महतो के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोरूम में मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। तत्पश्चात, गंभीर रूप से घायल देवराज महतो आदित्यपुर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से पूरी घटना की लिखित शिकायत की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल देवराज महतो को इलाज के लिए गम्हरिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांचोपरात दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

