उपनगर आयुक्त पारुल सिंह के आश्वासन पर पूर्व पार्षदों ने जताया भरोसा, विकास कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला। आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व पार्षदों द्वारा निगम की कार्यशैली के विरोध में शुरू किया गया आमरण अनशन सशर्त समाप्त किए जाने के बाद सोमवार को एक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपनगर आयुक्त पारुल सिंह ने की।
बैठक के दौरान पूर्व पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग रखी। इस पर उपनगर आयुक्त ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में घाटशिला उपचुनाव को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता के कारण कुछ कार्य रुके हुए हैं, किंतु आचार संहिता समाप्त होते ही रुके टेंडर जारी कर सभी विकास कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
पूर्व पार्षदों ने उपनगर आयुक्त के इस आश्वासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिया, उससे उम्मीद जगी है कि उनकी जायज मांगें शीघ्र पूरी होंगी।
हालांकि, पूर्व पार्षदों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि एक बार फिर उन्हें धोखा या उपेक्षा का सामना करना पड़ा, तो वे दोबारा भू-हड़ताल या आमरण अनशन करने को बाध्य होंगे।

