एमजीएम अस्पताल में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त आदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 16 सितंबर। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने एमजीएम अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं देने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने ओपीडी समय पर चलाने, चिकित्सक व पारा मेडिकल स्टाफ की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने, दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने, ट्रॉली बॉय व सहायक स्टाफ की तैनाती, एक्स-रे मशीनें चालू करने और यूएसजी यूनिट में कतार प्रबंधन लागू करने के आदेश दिए।

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था 15 दिन में दुरुस्त करने और अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने पर भी बल दिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं में और सुधार का आश्वासन दिया।


