मजदूर दिवस पर काम कराने और OT का भुगतान न करने पर त्रिपक्षीय वार्ता, प्रबंधन को 7 अक्टूबर को पक्ष रखने का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा ब्लू स्कोप स्टील लिमिटेड के ठेका प्रतिष्ठान मेसर्स सिग्नोड इंडिया लिमिटेड में 1 मई (मजदूर दिवस) और 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) जैसे राष्ट्रीय अवकाश के दिन काम पर लगाए गए मजदूरों को ओवरटाइम (OT) की दुगनी दर से भुगतान नहीं किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

इस संबंध में उप श्रमायुक्त कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई, जिसमें यूनियन की ओर से अंबुज कुमार ठाकुर, ठेका प्रबंधन की ओर से सपन मुखर्जी (राजा) तथा उप श्रमायुक्त महोदय स्वयं उपस्थित रहे।

यूनियन ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अवकाशों के दिन, विशेषकर 1 मई को जो कि मजदूर दिवस के रूप में मनाया जाता है, मजदूरों को काम पर लगाया गया, परंतु उन्हें नियमानुसार ओवरटाइम का दुगना भुगतान नहीं किया गया।

सुनवाई के दौरान उप श्रमायुक्त महोदय ने प्रबंधन पक्ष को निर्देश दिया कि वे संबंधित दस्तावेज़ों और भुगतान विवरण के साथ अगली वार्ता में दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को उपस्थित हों और अपना पक्ष रखें।

मामले की अगली सुनवाई में यदि ठोस जवाब नहीं मिलता है, तो मजदूर संगठन द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई या आंदोलन की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

