उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएमओ सतीश नायक समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

बैठक में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम से जुड़ी कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बालू की कालाबाजारी व अवैध स्टॉक रोकने के लिए अभियान चलाने और जब्त खनिजों की नीलामी कर राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बालू डीलरों के स्टॉक यार्ड में सीसीटीवी लगाने, उठाव का चलान निर्गत करने और पुल-पुलिया के पास से बालू उठाव रोकने के लिए औचक निरीक्षण के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन रोकथाम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दोषी संचालकों और वाहन मालिकों पर कठोर कार्रवाई होगी। खनन, पुलिस, वन, परिवहन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को आपसी तालमेल और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के साथ अभियान चलाने को कहा गया, ताकि खनिज संपदा की सुरक्षा, राजस्व वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके।


