सुन्दरनगर में माँ विंध्यवासिनी सेवा समिति का भूमि पूजन, इंडिया गेट रूपी भव्य पंडाल बनेगा आकर्षण
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान, महाआरती व चैतन्य झांकी का होगा आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सुन्दरनगर। माँ विंध्यवासिनी सेवा समिति सुन्दरनगर के दुर्गा पूजा पंडाल का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुरोहित कृपा शंकर शुक्ला एवं जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, महासचिव आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, राजकुमार सिंह, समाजसेवी शंकर रेड्डी, मुखिया पोमा बास्के सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस वर्ष का पंडाल इंडिया गेट के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो पूरी तरह सीसीटीवी से लैस होगा। समिति ने महिलाओं की सुरक्षा की विशेष जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेने का संकल्प लिया।

आशुतोष सिंह ने बताया कि पंडाल में बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल होती हैं और कारीगर दूसरे जिलों से लाकर निर्माण कार्य शुरू कर चुके हैं। राजकुमार सिंह ने कहा कि लाखों की लागत से बन रहा पंडाल भक्ति, देशभक्ति और कला का अद्भुत उदाहरण होगा।

महासचिव पप्पु कुमार वर्मा “अनमोल” ने बताया कि महालया से महानवमी तक रोजाना शाम 7 बजे महाआरती, तथा महासप्तमी, महाअष्टमी और महानवमी को दोपहर में महाप्रसाद का आयोजन होगा। इन तीनों दिनों ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चैतन्य झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।

भूमिपूजन अवसर पर समिति के संरक्षक संतन ओझा “बब्लू”, अध्यक्ष विकास सिंह, कोषाध्यक्ष जयकांत सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

