आदि कर्मयोगी अभियान के तहत तीन दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शुरू

राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोन मंडप, सिदगोड़ा में हुआ। उद्घाटन प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी सचिदानंद महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और सामाजिक विकास जैसे आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास और समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा गया कि वे प्रशिक्षण लेकर अपने-अपने प्रखंडों में अन्य कर्मयोगियों को तैयार करेंगे और अभियान की गतिविधियों को धरातल तक पहुंचाएंगे। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि यह पहल जनजातीय समाज की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में ठोस सुधार लाने में मददगार साबित होगी।

