सरायकेला में फर्जी कंपनी का भंडाफोड़, नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों युवकों से ठगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला।झारखंड में फर्जी कंपनियों के जरिए नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। इस बार चांडिल कपाली ओपी क्षेत्र से स्थानीय लोगों ने ठगी कर रहे युवकों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी कई दिनों से तमोलिया क्षेत्र में डेरा डालकर देशभर से आए भोले-भाले युवकों को नौकरी का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहे थे। बताया जाता है कि ठगों ने युवकों से पैसे लेकर उन्हें प्रोडक्ट प्रचार के नाम पर घुमाया, लेकिन जब नौकरी की सच्चाई सामने आई तो पीड़ित खुद को ठगा महसूस करने लगे। इस खेल में करीब 200 से अधिक युवक फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

आज सुबह पीड़ित युवकों ने स्थानीय लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद चार सुपरवाइजरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

भुक्तभोगियों के अनुसार, एक युवक से 30 से 35 हजार रुपये तक वसूले जा रहे थे। जांच में कंपनी संचालक का नाम बिहार के लखीसराय निवासी इनामुल हक और उसके एक सहयोगी के रूप में सामने आया है। विरोध करने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी

कपाली पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 24 घंटे पहले ही जमशेदपुर पुलिस ने ऐसे ही एक फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ कर चार जालसाजों को जेल भेजा था।


