एमजीएम अस्पताल स्थानांतरण से जनता परेशान, उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल को साकची से डिमना स्थानांतरित किए जाने से आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर मंगलवार को लोगों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त और सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपकर साकची स्थित एमजीएम अस्पताल में इमरजेंसी और एम्बुलेंस सुविधा बहाल करने की मांग की गई।

आम लोगों का कहना है कि अस्पताल स्थानांतरण के बाद गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को डिमना तक पहुंचने में अधिक समय लगने से उनकी स्थिति बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू डोके ने बताया कि मानगो पुलिया पर अक्सर जाम लगने से डिमना पहुंचने में और भी विलंब होता है। ऐसे में प्रशासन से तुरंत साकची में इमरजेंसी और एक एम्बुलेंस की सुविधा बहाल करने की मांग की गई है।


