संयुक्त बलों की बड़ी कार्रवाई: कुचाई में नक्सलियों का 125 किलो विस्फोटक बरामद, बम निरोधक दस्ता ने मौके पर किया नष्ट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शनिवार (02 अगस्त 2025) को कुचाई थाना अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र के सिकरम्बा गांव के पास सर्च अभियान चलाया।

सर्च के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में स्टील के कंटेनर में छिपाकर रखे गए 5 पैकेट (प्रत्येक 25 किलो) में अमोनियम नाइट्रेट पाउडर (कुल 125 किलो) बरामद हुआ। यह विस्फोटक प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) नक्सलियों द्वारा पूर्व में सुरक्षा बलों पर हमला करने और अभियान को बाधित करने के लिए छिपाकर रखा गया था।

बम निरोधक दस्ते की मदद से बरामद विस्फोटक को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई जारी है।

