प्रभात शर्मा बने पीआरसीआई के ईस्ट ज़ोन डायरेक्टर
पूर्व टाटा स्टील अधिकारी को मिली नई ज़िम्मेदारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 24 जुलाई:पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया (PRCI) ने पूर्व टाटा स्टील अधिकारी प्रभात शर्मा को ईस्ट ज़ोन डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया है। बेंगलुरु मुख्यालय स्थित पीआरसीआई द्वारा उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई।

प्रभात शर्मा एक अनुभवी कॉर्पोरेट पेशेवर हैं, जिन्हें 35 वर्षों से अधिक का अनुभव कॉर्पोरेट प्लानिंग, रणनीतिक संचार, प्रोजेक्ट प्रबंधन, स्टेकहोल्डर इंगेजमेंट और व्यवसाय जोखिम मूल्यांकन जैसे क्षेत्रों में प्राप्त है। उनके नेतृत्व कौशल और रणनीतिक दृष्टिकोण ने विभिन्न संगठनों को विकास और स्थायित्व की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद की है।
अपने करियर के दौरान शर्मा ने कई संगठनों को प्रभावी रणनीतियों के निर्माण, महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संचालन और विविध हितधारकों के साथ संवाद के माध्यम से ऑपरेशनल एक्सीलेंस प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाई है। व्यवसायिक जोखिमों के आकलन और प्रबंधन में उनकी विशेषज्ञता उल्लेखनीय रही है।
वर्ष 2022 में, पीआरसीआई ने उन्हें “चाणक्य अवार्ड फॉर एक्सीलेंस इन स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट” से सम्मानित किया था। वे एक नियमित स्तंभकार भी हैं, जो व्यापार रणनीति और कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर अपने विचार साझा करते रहते हैं।

टाटा स्टील से तीन दशक की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने के उपरांत, प्रभात शर्मा वर्तमान में कई कंपनियों के साथ सलाहकार के रूप में जुड़े हुए हैं और उन्हें कॉर्पोरेट रणनीति और संचार में मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
उनकी नियुक्ति से पीआरसीआई को झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आसपास के राज्यों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और जनसंपर्क, संचार एवं कॉर्पोरेट मामलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।

