अज्ञात शव बरामद: पहचान में जुटी पुलिस, हत्या की आशंका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पांड्रशाली ओपी के पास एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की कोशिश में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शव एक युवक का है जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। शव के विवरण के अनुसार मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 5 इंच है, रंग सावला और बाल काले हैं। उसने नीले रंग की जींस पैंट और सफेद रंग की फूल प्रिंट शर्ट पहन रखी थी। चॉकलेटी रंग का बेल्ट पहना हुआ था और दोनों पैर में खून लगा था। शव पर हिंसा के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के दाहिने पैर में नीचे की ओर ‘निर्लिप्त का विज्ञापन’ लिखा हुआ टैटू जैसा चिन्ह है, जो उसकी पहचान में सहायक हो सकता है।
फिलहाल पुलिस ने शव की तस्वीर और विवरण जारी कर आमजन से पहचान में मदद की अपील की है। पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त होते ही मामले की तहकीकात को और आगे बढ़ाया जाएगा।


