मेडिकल दुकानों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को रोकने का निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
आज दिनांक 21.07.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में
मादक पदार्थो की तस्करी एवं दुरूपयोग आदि को रोकने से संबंधित जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आहूत किया गया।
_*प्रचार प्रसार एवं जागरूकता में लाएं तेजी*_
बैठक के दौरान मादक द्रव्य पदार्थों के नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विमर्श करते हुए उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) ने विगत माह 10 से 26 जून तक चले अभियान के संदर्भ में किए गए कार्यों की जानकारी ली। आगे उन्होंने कहा किसी भी प्रकार नशे का सेवन समाज के लिए अभिशाप के समान है, इसे रोकने लिए सरकार और प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा नशामुक्ति के प्रति जागरूकता लाने के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों आदि के 200 मीटर की परिधि में नशे से संबंधित एक भी सामग्री की बिक्री नहीं हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें। वहीं जिले के सभी महाविद्यालयों एवं प्लस टू विद्यालयों में होर्डिंग्स/फ्लैक्स के जरिए अवेयरनेस ड्राइव चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने नुक्कड़ नाटक एवं अन्य गतिविधियों के जरिए जागरूकता का प्रसार करने का निर्देश दिया।
_*नशे के हॉट स्पॉट स्थलों को करें चिन्हित*_
उन्होंने कहा कि नशे के जुड़े हॉट स्पॉट स्थलों को चिन्हित करें। इसके अलावा उन्होंने बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशन, स्कूलों/कॉलेजों में इसके रोकथाम के लिए स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारी को अपने क्षेत्र के मेडिकल दुकानों में नियमित औचक जांच कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को रोकने के लिए समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं नशे के रोकथाम के प्रति स्थानीय भाषा में लोगों के बीच अवेयरनेस फैलाने का निर्देश दिया।
आगे उन्होंने कहा कि किशोर और युवा नशे की गिरफ्त में तेजी आ रहे हैं, मादक पदार्थो के सेवन से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस पर तत्काल एवं नियमित कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्होंने इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने एवं नशा तस्करों, गांजा, गुटखा, सिगरेट आदि की बिक्री करने वाले दुकानदारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं उपायुक्त ने अफीम गांजा की अवैध खेती तथा बिक्री पर कड़ी नजर रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करें कि जिले में कहीं भी इसका अवैध रूप से कहीं खेती न हो, अगर कहीं ऐसा है, उसे नष्ट करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें।
_*इस मौके पर*_ पुलिस अधीक्षक जामताड़ा श्री राज कुमार मेहता (भा०पु०से०), अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री विकेश कुणाल प्रजापति, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती कलानाथ, डॉ डी सी मुंशी, सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

