झारखंड में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना जरूरी : राजेश शुक्ल
स्टेट बार काउंसिल उपाध्यक्ष ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ल ने कहा है कि राज्य में अधिवक्ताओं के लिए बेहतर आधारभूत संरचना आज की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि स्टेट बार काउंसिल इस दिशा में नई कार्य योजना तैयार कर रहा है। कोल्हान प्रमंडल के अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने घाटशिला बार अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में श्री शुक्ल से मुलाकात कर पार्किंग, शुद्ध पेयजल, महिला अधिवक्ताओं के लिए शौचालय व कॉमन रूम जैसी समस्याओं से अवगत कराया।

श्री शुक्ल ने कहा कि चांडिल, घाटशिला, सरायकेला, चाईबासा, खूँटी, बुंडू जैसे अनुमंडल न्यायालयों में अधिवक्ताओं के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ईमेल भेजकर जिला व अनुमंडल न्यायालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

श्री शुक्ल ने अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने, तकनीकी पुस्तकालय विकसित करने और अधिवक्ता कॉलोनी के लिए भूखंड आवंटन की मांग भी दोहराई। उन्होंने न्यायालय परिसरों में प्राथमिक स्वास्थ्य उप केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं की कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


