हूल क्रांति के अमर नायकों को राजद जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : हूल दिवस के पावन अवसर पर राजद (राष्ट्रीय जनता दल) की ओर से जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित सिद्धू-कान्हू स्मारक स्थल पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजद जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने वीर शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और जनजातीय संघर्ष व बलिदान की गौरवगाथा को याद किया। दिनेश यादव ने कहा कि सिद्धू-कान्हू जैसे वीरों का योगदान आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सबसे पहले आदिवासियों ने विद्रोह का बिगुल फूंका, जो आजादी की लड़ाई की बुनियाद बना। उन्होंने कहा कि हूल दिवस न केवल आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई का भी प्रतीक है। इस अवसर पर विजय यादव, प्रखंड अध्यक्ष, नारायणपुर, अल्ताफ़ आलम, प्रखंड अध्यक्ष, करमाटांड़, निरंजन महतो, प्रखंड अध्यक्ष, जामताड़ा, राजेश महतो, नगर अध्यक्ष, नगर पंचायत जामताड़ा, उमाशंकर यादव, नगर अध्यक्ष, नगर परिषद मिहिजाम, श्रीरामबालक यादव, नगर संरक्षक, मिहिजाम, तबरेज अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष, फतेहपुर, डॉ. नन्दकुमार यादव, वरिष्ठ राजद नेता, अशोक चौधरी, समाजसेवी इनके साथ-साथ बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं, युवाओं, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति से कार्यक्रम भव्य और भावनात्मक बन गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सिद्धू-कान्हू के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत, संघर्षशीलता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आज के समय की आवश्यकता है। सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि सिद्धू-कान्हू के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से “सिद्धू-कान्हू अमर रहें” और “हूल क्रांति जिंदाबाद” के नारों के साथ श्रद्धांजलि सभा का समापन हुआ। हूल दिवस पर राजद का यह आयोजन न सिर्फ श्रद्धा का प्रतीक था, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आदिवासी अधिकारों और ऐतिहासिक चेतना को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ। मौके पर राजद के प्रदेश सचिव सतपाल यादव ,महासचिव मुशर्रफ मिर्जा मौजूद थे।

