गढ़वा : शारदीय नवरात्र के पहले दिन कलश यात्रा के दौरान सोन नदी में डूब कर लापता हुए युवक रवि सिंह का शव मौके से 20 किमी दूर बिहार राज्य के रोहतास जिला के बांदू गांव से बरामद कर लिया गया है। सोमवार की सुबह जिसकी सूचना बिहार राज्य के रोहतास जिला अंतर्गत नौहट्टा थाना क्षेत्र के नौहट्टा गांव निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा के पुणे कांडी थाना क्षेत्र में अपने परिचित को दी थी कि नौहट्टा थाना अंतर्गत बांदु गांव के विद्यालय के समीप सोन नदी के किनारे छिछली पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है।
उन्हें रविवार को ही बताया गया था कि कांडी के निकट डुमरसोता गांव के अड़ंगा बाबा घाट के निकट सोन नदी में एक युवक कलश यात्रा के दौरान डूब गया है। तटवर्ती गांवों के लोग लापता युवक के प्रति चौकन्ना थे। नौहट्टा के बीजेवाईएम कार्यकर्ता ने बांदु गांव निवासी प्रदीप पांडेय से इसकी जानकारी ली। प्रदीप पांडेय ने बताया कि गांव के लोग अहले सुबह 5:00 बजे नदी की तरफ गए तो एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा है। लगे हाथ उन्होंने मोबाइल से उक्त शव का फोटो लेकर भेज दिया। जिसकी पहचान कांडी थाना क्षेत्र के शिवरी गांव निवासी अरविंद सिंह के 21 वर्षीय पुत्र रवि कुमार सिंह के रूप में की गई। इसकी सूचना नौहट्टा थाना को भी दे दी गई थी। सूचना मिलते ही कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवरी गांव से परिजन व ग्रामवासी काफी संख्या में लोग सुंडीपुर घाट पर सोन नदी पार करके बांदु गांव पहुंच चुके थे।
जहां शव पड़ा हुआ था। अपने सजीले व बांका जवान का शव देखते ही लोग दहाड़ें मारकर रो पड़े। शव से लिपटकर रो रहे लोगों को मशक्कत करके हटाना पड़ा। स्थानीय पुलिस से पंचनामा आदि की कार्यवाही पूरी करने के बाद परिजनों ने शव लेकर प्रस्थान किया। इधर कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंडीपुर पुल पर कांडी थाना प्रभारी दीपक कुमार राणा व हरिहरपुर ओपी प्रभारी कुंदन कुमार सिंह सदल बल उपस्थित थे। जिसके बाद कांडी थाना प्रभारी दीपक राणा के द्वारा कागज़ी कारवाई करते हुए शव को प्राप्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया। मौके पर बलियारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ललन मेहता, प्रमुख संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ललित सिंह ने शव आने पर मौके से प्रस्थान किया।

