गणीनाथ सेवा संस्थान का 52वां जयन्ती समारोह 23 अगस्त को
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गणीनाथ सेवा संस्थान, जो मध्यदेशीय वैश्य (हलवाई) समाज द्वारा संचालित है, अपने कुलदेवता श्री गणीनाथ गोविन्द जी महाराज के आदर्शों पर पिछले 52 वर्षों से कार्यरत है। संस्था इस वर्ष अपने कुलदेवता का 52वां जयन्ती समारोह दिनांक 23 अगस्त 2025, शनिवार को धूमधाम से मनाने जा रही है।

जयन्ती के उपलक्ष्य में रविवार, 17 अगस्त से ही कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस दौरान बच्चों और महिलाओं के लिए दांडग प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता एवं मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य जयन्ती कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी प्रतिमा सम्मान से नवाजा जाएगा।

मुख्य आयोजन 23 अगस्त को सुबह 7 बजे बाबा गणीनाथ मंदिर से शोभायात्रा के साथ होगा, जो टिनप्लेट गोलचक्कर, गोलमुरी चौक होते हुए पुनः मंदिर परिसर में पहुँचेगी। पूजन एवं झण्डोत्तोलन के उपरांत जयन्ती समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास, पूर्व मंत्री श्री बन्ना गुप्ता, सांसद जमशेदपुर श्री विद्युत वरण महतो तथा विशिष्ट अतिथि विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू उपस्थित रहेंगी।

समारोह में अतिथियों के सम्मान के उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण एवं मेधावी छात्रों को प्रतिमा सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से समाज के हजारों महिला-पुरुष एवं बच्चे बड़ी संख्या में भाग लेंगे।


