*निशानदेही पर देसी कट्टा और जिंदा गोली बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भीतरी पुलिया के पास होटल संचालक विशाल गोराई पर जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कुमार पांडे (34) और बजरंगी कुमार महतो (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात विशाल गोराई होटल बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीतरी पुलिया के पास विक्की पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली विशाल की कमर के पास लगी थी। घटना के बाद आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 211/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अनुसंधान तेज करते हुए प्राथमिक अभियुक्त विक्की पांडे को गम्हरिया स्टेशन रोड-साईं नगर क्षेत्र से तथा उसके सहयोगी बजरंगी महतो को खूंटी थाना चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर हथियार और गोली बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस अब प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

