*एनआईटी रोड की बेशकीमती जमीन पर जेसीबी-ट्रैक्टर चलने के बाद प्रशासन सक्रिय, लगेगा सरकारी जमीन का बोर्ड*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
एनआईटी रोड स्थित चूना भट्टा मुख्य मार्ग की सरकारी जमीन पर कथित कब्जे और अवैध प्लाटिंग की तैयारी का मामला सामने आने के बाद अंचल प्रशासन सक्रिय हो गया है। मीडिया में मामला सामने आने के बाद गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने स्थल निरीक्षण कराने के साथ जमीन पर सरकारी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया है।
सीओ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद राजस्व उपनिरीक्षक और अमीन को मौके पर भेजकर स्थल निरीक्षण कराया गया। जांच के दौरान फिलहाल जमीन पर कोई पक्का अथवा अवैध निर्माण नहीं मिला है। हालांकि, स्थल पर साफ-सफाई और जमीन को समतल किए जाने के संकेत मिले हैं।
सीओ ने कहा कि मामले की विशेष एवं विस्तृत जांच कराई जा रही है और जल्द ही स्थल पर स्पष्ट रूप से ‘सरकारी जमीन’ का बोर्ड लगाया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्ग से सटी इस महत्वपूर्ण जमीन पर पिछले दिनों जेसीबी और तीन ट्रैक्टर लगाकर वर्षों से जमा चूने के अवशेष हटाए गए। इसके बाद जमीन को समतल किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई की आड़ में कुछ रसूखदार एवं कथित भू-माफिया जमीन को प्लॉट में बांटकर अवैध खरीद-बिक्री की तैयारी में थे।
बताया जाता है कि नगर निगम ने पूर्व में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने के लिए इसी जमीन पर वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया था। लेकिन योजना अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसके बाद जमीन को लेकर गतिविधियां बढ़ने की बात कही जा रही है। प्रशासन की जांच और सरकारी बोर्ड लगाने के निर्देश के बाद जमीन से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ गई है।

