35 साल की मांग पूरी, राखा माइन्स स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को मिली स्वीकृति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा:जादूगोड़ा क्षेत्रवासियों की करीब 35 वर्ष पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। राखा माइन्स रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृति दे दी है। इसकी जानकारी रेल मंत्री ने पत्र के माध्यम से सांसद विद्युत वरण महतो को दी।
इस खबर के बाद जादूगोड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। लंबे समय से संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले स्व. रामकुमार गुप्ता, स्व. गोपीनाथ सोरेन, स्व. मधुसूदन भक्त, मनोज प्रताप सिंह और पत्रकार अनिल कुमार अग्रवाल समेत कई लोगों ने इस मांग को लगातार उठाया था। वर्ष 1994 में तत्कालीन सांसद शैलेंद्र महतो ने भी उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की अनुशंसा की थी।
बताया जाता है कि डॉ. अशोक अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, अनिल अग्रवाल सहित कई बुद्धिजीवियों और भाजपा नेताओं ने भी सांसद विद्युत वरण महतो के समक्ष इस मांग को रखा। सांसद ने इसे अपनी प्राथमिकता सूची में शामिल कर कई बार रेल मंत्री के समक्ष उठाया। लंबे प्रयासों के बाद आखिरकार रेल मंत्रालय ने राखा माइन्स में उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी।
इस ठहराव से क्षेत्र के लोगों को दिल्ली और ओडिशा आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। यूरेनियम नगरी जादूगोड़ा के लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने भी इस मांग को लेकर सांसद से कई बार आग्रह किया था।
सांसद विद्युत वरण महतो ने स्वीकृति के लिए रेल मंत्री, रेल जीएम अनिल मिश्रा और डीआरएम को धन्यवाद दिया है। जादूगोड़ा वासियों द्वारा जल्द ही सांसद के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किए जाने की भी जानकारी मिली है।

