वार्ड 01 में पैसे बांटने का वीडियो बनाने पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया:नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड संख्या 01 में कथित रूप से पैसे बांटे जाने का विरोध करने और उसका वीडियो बनाने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उत्तमडीह निवासी जागरू दास ने वार्ड-01 के प्रत्याशी बनमाली दास एवं उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जागरू दास का आरोप है कि बीते सोमवार की आधी रात प्रत्याशी पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक गालियां दी गईं, बंदूक सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है।
बताया गया कि मंगलवार को जब वे अपना मोबाइल वापस लेने गए तो उनके साथ गए जगबंधु महतो के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान जगबंधु महतो के सिर में गंभीर चोट आई।
इस मामले में जागरू दास द्वारा आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

