कुटीया में रहने वाले नंदलाल बेसरा के मामले पर पंचायत सचिव ने रखा अपना पक्ष
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बाबूपुर पंचायत के कमलिया गांव के टोला कटपहाड़ी निवासी नंदलाल बेसरा लंबे समय से एक कुटिया में रहने को मजबूर हैं। उनकी दयनीय स्थिति को हाल ही में राष्ट्र संवाद ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया है।
इस मामले पर पंचायत सचिव परमेश्वर मुर्मू ने जानकारी देते हुए बताया कि नंदलाल बेसरा का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही फाइनल सूची जारी होगी और आवंटन प्राप्त होगा, नंदलाल बेसरा को आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा।
पंचायत सचिव ने यह भी बताया कि सर्वे के दौरान कई बार लोग घर पर नहीं रहते, जिससे उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाता। इसके अलावा आधार कार्ड अपडेट नहीं रहने के कारण भी कई लोग योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सर्वे के समय उपस्थित रहें और अपने दस्तावेज, विशेषकर आधार कार्ड, को अपडेट रखें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पात्र लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

