बेगूसराय, 28 नवंबर (भाषा) बिहार के बेगूसराय जिले में चार से पांच अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें 17 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान आदित्य कुमार उर्फ गोपाल के रूप में हुई है, जबकि उसका दोस्त सतीश कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम फुलवड़िया थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पत्रकारों को बताया कि घटना शुक्रवार शाम उस समय हुई, जब हमले की चपेट में आए दोनों लोग निपनिया गांव में एक स्कूल के पास खड़े थे।
उन्होंने कहा कि चार से पांच अज्ञात हथियारबंद अपराधी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और दोनों पर गोलीबारी करने के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि आदित्य कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की एक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। घायल व्यक्ति को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना दोनों पक्षों के बीच विवाद के चलते हुई।
बयान में कहा गया, “हालांकि, पुलिस गोलीबारी के पीछे के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।”
पुलिस ने बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है।

