नई दिल्ली. राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के इस्तीफे के बाद सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव ने अस्पताल से रघुवंश प्रसाद को एक पत्र लिखा है. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पत्र में लिखा है कि प्रिय रघुवंश बाबू आपके द्वारा कथित तौर पर लिखी एक चि_ी मीडिया में चलाई जा रही है, मुझे तो विश्वास ही नहीं होता.
उन्होंने पत्र में आगे लिखा है कि अभी मेरा परिवार और पूरा राजद परिवार आपको शीघ्र स्वस्थ होकर अपने बीच देखना चाहता है. चार दशकों में हमने हर राजनीतिक सामाजिक और यहां तक कि पारिवारिक मामलों में मिल बैठकर ही विचार किया है. आप जल्दी स्वस्थ हों, फिर बैठ कर बात करेंगे. आप कहीं नहीं जा रहे हैं, समझ लीजिए.
ज्ञात रहे कि राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक सदस्य रहे रघुवंश प्रसाद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. एम्स में इलाज करा रहे रघुवंश प्रसाद ने एक कागज पर महज डेढ़ लाइन में लिखकर अपना इस्तीफा रांची में सजा काट रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को भेज दिया है. बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रघुवंश प्रसाद जैसे वरिष्ठ नेता का पार्टी से अलग होना बड़ा झटका माना जा रहा है.

