पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रोडवेज बस और पिकप गाड़ी में हुई भीषण टक्कर के बाद बस पलटने से 7 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
पीलीभीत के थाना पूरनपुर अंतर्गत नेशनल हाईवे पर ये हादसा हुआ है. हादसे की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. घायलों का पीलीभीत के जिला अस्पताल और बरेली में इलाज कराया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि बस लखनऊ से पीलीभीत जा रही थी. इस दौरान पूरनपुर थाना क्षेत्र में पिकअप से उसका एक्सीडेंट हो गया. एक्सीडेंट इतना भीषण था कि बस पलट गई. इस दौरान एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 6 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
पुलिस के अनुसार रोडवेज बस सवारियों को लेकर लखनऊ से पीलीभीत आ रही थी. वहीं पिकअप गाड़ी भी सवारी लेकर पूरनपुर की तरफ से आ रही थी. अचानक सोहरामऊ के बॉर्डर पर हादसा हो गया, जिससे बस खेत में पलट गई. बस पलटने से कई सवारियां दब गईं. वहीं पिकअप में भी सवार लोगों को चोटें आई हैं. सभी को तत्काल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 लोगों को मृत घोषित किया है.
वहीं 9 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. कई लोगों का प्राथमिक उपचार जारी है. मृतकों और घायलों को मिलाकर कुल संख्या अभी तक 25 है. बाकी छिटपुट चोट वाले लोग भी हैं. ज्यादातर पीलीभीत और आसपास के जनपदों के लोग हैं.
पीलीभीत में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है. सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद करने और उनको हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

