थेनी: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर तीखा हमला बोलते हुए शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र किसी अहंकारी व्यक्ति के मन की बात नहीं है बल्कि देश के काम की बात है. तमिलनाडु के दक्षिण में थेनी कस्बे में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के लिये जारी कांग्रेस का घोषणापत्र पूरे देश की आवाज है और उन्हें खुशी है कि कई लोगों ने इसकी सराहना की है. राहुल ने कहा कि मोदी ”भारतीयों के बीच नफरत का तत्व हैं.” उन्होंने कहा, ”हम नफरत के रास्ते नरेन्द्र मोदी से लड़ने नहीं जा रहे. हम भारतीयों के बीच प्यार और स्नेह बढ़ा कर मोदी की नफरत से लड़ने जा रहे हैं.”

