जयपुर. राजस्थान में कल भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर भाषण देने वाले एंटी करप्शन ब्यूरो ( एसीबी ) के सवाई माधोपुर में डीएसपी भैरूलाल मीणा को भाषण देने के एक घंटे बाद ही स्वयं एसीबी ने ही 80 हजार की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके साथ ही ACB ने बारां कलेक्टर इंद्र सिंह राव का PA महावीर नागर को भी 1.40 लाख लेते गिरफ्तार कर लिया गया जिसने कबूला कि 1 लाख साहब को पहुंचाने थे.
एंटी करप्शन डे के मौके पर भैरूलाल मीणा ने सुबह 11 बजे टोल फ्री नंबर जारी किया, ताकि लोग करप्शन की शिकायत कर सकें. लेकिन एक घंटे बाद DSP साहब खुद ही घूसखोरी में पकड़े गए. डिस्ट्रिक्ट ट्रांसपोर्ट ऑफिसर महेशचंद 80 हजार रुपए देने भैरूलाल के ऑफिस पहुंचे थे. जयपुर ACB की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
सरकार ने कलेक्टर इंद्र सिंह राव को APO कर दिया. ACB के अधिकारी देर रात तक राव से पूछताछ कर रहे थे. उनके PA महावीर से पूछताछ में सुराग मिले हैं कि रिश्वतखोरी में बिना बोले कलेक्टर की भी हामी थी. ऐसे में कलेक्टर की गिरफ्तारी भी हो सकती है. ACB के DG बीएल सोनी ने बताया कि विभाग की कोटा यूनिट को शिकायत मिली थी कि पेट्रोल पंप की NOC जारी करने के लिए कलेक्टर का PA रिश्वत मांग रहा है. शिकायत को वेरिफाई करवाया गया और कोटा ACB की टीम ने महावीर को ट्रैप कर लिया.
इंद्र सिंह राव राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (RAS) के 1989 बैच के अफसर हैं. 31 साल की नौकरी में अब तक 6 बार अलग-अलग वजहों से APO किए जा चुके हैं. जबकि, गंभीर आरोप के चलते एक बार उन्हें सस्पेंड भी किया जा चुका है. चार साल पहले ही उन्हें RAS से IAS में प्रमोट किया गया था. उसके तुरंत बाद भाजपा सरकार ने उन्हें राजस्व मंडल में लगा दिया. 2018 में सत्ता बदलने के बाद कांग्रेस सरकार ने राव को बारां में कलेक्टर लगा दिया.

