पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार को दी चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर के पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो ने गुरुवार को अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य की पुलिस एक विधायक के पीछे लगी हुई है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
शैलेंद्र महतो ने कहा कि इस मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की चुप्पी चिंता का विषय है। उनका कहना था कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि राज्य की विधायिका और कार्यपालिका के बीच संतुलन और अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि समय रहते इस पर उचित पहल नहीं की गई तो इसके दूरगामी परिणाम राज्य को भुगतने पड़ सकते हैं।
पूर्व सांसद ने कहा कि झारखंड पुलिस संगठन 8 से 10 सितंबर के बीच अपनी आगे की रणनीति तय करेगा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसका प्रभाव पूरे राज्य पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से संवाद और संवेदनशीलता के साथ मामले का समाधान निकालने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच टकराव की स्थिति किसी भी राज्य के हित में नहीं होती और सरकार को सभी पक्षों की बात सुनकर सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। शैलेंद्र महतो ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास करेगी।
पूर्व सांसद के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

