टाटा पावर ने एनसीआर के बिजली ढांचे को दी मजबूती, 400 KV जलपुरा-खुरजा ट्रांसमिशन कॉरिडोर शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 3 सितंबर 2026। टाटा पावर ने उत्तर प्रदेश में अपनी जलपुरा-खुरजा ट्रांसमिशन परियोजना के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। इससे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तेजी से बढ़ते बिजली मांग वाले क्षेत्रों में आपूर्ति की क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ेगी।
टाटा पावर की 100 प्रतिशत स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टीपी जलपुरा खुरजा पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड (TPJKPTL) के माध्यम से परियोजना के तहत 162 सर्किट किलोमीटर (CKM) 400 KV डबल-सर्किट ट्रांसमिशन लाइन तथा जलपुरा में 1,000 MVA क्षमता वाले 400/220 KV GIS सबस्टेशन को चालू किया गया है।
यह हाई-वोल्टेज कॉरिडोर खुरजा और जलपुरा के बीच महत्वपूर्ण बिजली संपर्क स्थापित करेगा, जिससे नोएडा समेत पूरे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली की निर्बाध एवं कुशल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। वहीं, जलपुरा का 1,000 MVA GIS सबस्टेशन 400 KV ग्रिड से 220 KV नेटवर्क तक बिजली पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से क्षेत्र के ट्रांसमिशन नेटवर्क की क्षमता, विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ेगी तथा भविष्य की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही टाटा पावर का ट्रांसमिशन पोर्टफोलियो देशभर में 7,900 सर्किट किलोमीटर की परिचालन एवं निर्माणाधीन लाइनों तक पहुंच गया है।

