जमशेदपुर पूर्वी में 84.83 लाख की 11 विकास योजनाओं का शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को बारीडीह, सिदगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में 84 लाख 83 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत 11 जनहितकारी योजनाओं का शिलान्यास किया।
नगर विकास एवं आवास विभाग की निधि से संचालित इन योजनाओं में सड़क निर्माण, नाली एवं नाला कवर निर्माण, डीप बोरिंग, हाई मास्ट लाइट स्थापना, वाहन वाशिंग सेंटर निर्माण, अतिथि गृह मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था जैसे कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्रवासियों को सड़क, पेयजल, जल निकासी, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले और बस्ती तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी कई नई विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा।
शिलान्यास समारोह में सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, अनिल सिंह, अमरजीत सिंह राजा, भाजपा बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

